रिश्तेदार बनकर आए आधा दर्जन बदमाशों ने दिनदहाड़े एक परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर करीब छह लाख रुपए की लूट लिए। बदमाश एक लाख रुपए की नकदी, करीब पांच लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। जाते समय वे घर के दरवाजे बाहर से बंद कर गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में मंगलवार को दोपहर को हुई। रिश्तेदार बताकर घर में बनाई एंट्री पीड़िता शायरा ने बताया कि घटना के समय वह अपने बेटे शाहरुख और बेटी के साथ घर पर थीं। दोपहर करीब 2 बजे गेट पर दस्तक हुई। बाहर चार-पांच पुरुष और एक महिला एक छोटे बच्चे के साथ खड़े थे। उन्होंने खुद को अलीगढ़ निवासी रिश्तेदार बताते हुए कहा कि वे उनके बेटे को शादी के लिए देखने आए हैं। परिचित होने का भरोसा मिलने पर परिवार ने उन्हें घर के अंदर बुला लिया और पानी पिलाया। कुछ ही मिनटों में बदल गया माहौल पानी पीने के कुछ देर बाद ही बदमाशों ने सभी दरवाजे बंद कर दिए और हथियार निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों के बेरहमी के साथ मारपीट की, उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दी, ताकि कोई मदद के लिए आवाज न लगा सके। पूरा परिवार बदमाशों के कब्जे में था। शाहरुख ने बताया कि बदमाशों ने परिवार के लोगों को देसी कट्टे के बल पर बंधक बनाया। उसने बचाव करने की कोशिश की तो उसे और बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोट लगी।
नकदी, गहने और मोबाइल समेटकर हुए फरार परिवार को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने अलमारी और अन्य सामान खंगालकर करीब एक लाख रुपए की नकदी, लगभग पांच लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और तीन मोबाइल फोन लूट लिए। जाते समय बदमाश घर के सभी दरवाजों की कुंडी बाहर से बंद कर गए, ताकि परिवार तुरंत बाहर न निकल सके। एक-दूसरे की मदद से खोले बंधन बदमाशों के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह एक-दूसरे के हाथों की रस्सियां खोलीं और बाहर निकलकर आसपास के लोगों तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घर से निकलते समय आरोपी कैमरों में दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। एक माह पहले भी कर चुके थे रेकी पीड़ित परिवार की बुजुर्ग महिला ने बताया कि यही लोग करीब एक माह पहले भी घर आए थे। उस समय घर में निर्माण कार्य चल रहा था, इसलिए वे बाद में आने की बात कहकर लौट गए थे। पुलिस इस पहलू को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है।
थाना प्रभारी बोले—पहचान के प्रयास जारी निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि अभी पीड़ित परिवार ने मामला दर्ज नहीं कराया है, लेकिन पुलिस औपचारिक रूप जांच शुरू कर दी है।