बारां | राज्य सरकार की ओर से शहर में संचालित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में निवासरत वृद्धजनों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य वृद्धजनों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा उनके जीवन में सकारात्मकता एवं आनंद का संचार करना था। इस मौके पर वृद्धजनों को केशवरायपाटन ले जाया गया। केशवरायपाटन पहुंचकर सभी वृद्धजनों ने चंबल नदी में स्नान किया। केशवरायजी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए। मंदिर परिसर में वृद्धजनों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना कर समाज कल्याण की कामना की। इसके बाद केशवरायपाटन स्थित जैन मंदिर का भ्रमण किया। इस अवसर पर जैन संत गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के सान्निध्य में वृद्धजनों को प्रेरणादायक प्रवचन सुनने का अवसर मिला। ओंस संस्थान के सचिव संदीप जैन ने भ्रमण की जानकारी दी।