भास्कर न्यूज | अलवर एनईबी थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित रजवट मैदान के श्मशान घाट के समीप सोमवार रात सड़क किनारे एक मृत गोवंश के अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही गोसेवक, बजरंग दल और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इसके बाद वे अवशेषों को लेकर जेल सर्किल आए और सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। गोसेवक खुशहाल सैनी निवासी मोती नगर ने बताया कि वह रात करीब 9.30 बजे बाइक से ट्रांसपोर्ट नगर में परिचित के पास जा रहा। रजवट मैदान के श्मशान घाट के पास सड़क किनारे कुछ कुत्ते एक प्लास्टिक का कट्टा खींचते दिखाई दिए। कट्टे में मृत गोवंश के अवशेष मिले। वहीं प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गोवंश को काटकर उसके अवशेष फेंके गए हैं। जेल सर्किल पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा के पाठ शुरू कर दिए। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई के आश्वासन तक उठने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान आसपास के काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रात करीब 11 बजे तक वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए। इसके बाद कुछ कार्यकर्ता गोवंश के अवशेष लेकर पैदल ही वन मंत्री संजय शर्मा के निवास की ओर रवाना हो गए। रास्ते में एनईबी थाना प्रभारी दिनेश मीणा और टीम ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच सिटी सीओ अंगद शर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। उन्होंने मंगलवार को अवशेषों का पोस्टमार्टम कराने तथा मामले की जांच कर संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब साढ़े 11 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस और गोसेवक अवशेषों को पशु चिकित्सालय की मोर्चरी ले गए। इस दौरान एनईबी थाना पुलिस के साथ कोतवाली और शिवाजी पार्क थाना पुलिस व पुलिस लाइन का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा। प्रदर्शन के कारण जेल सर्किल पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। शहर में पिछले कुछ महीनों में गोवंश से मामलों की यह तीसरी घटना है। पहले 10 अप्रैल को अग्रसेन ओवरब्रिज के पास तथा 15 मई को गोपाल टॉकीज क्षेत्र में मृत गोवंश मिलने पर भी प्रदर्शन हुए थे। इस दौरान अंजना दीवान, कुलदीप, अतुल राजावत, प्रीतम, पूजा कुकरेजा, गरिमा, यतन, दीपु सैनी, तरुण, वंश, सौम्य, मनीष, नैतिक, गोलू, गजराज आदि मौजूद रहे।