प्रतापगढ़ | शहर में मानसून को देखते खुल्ले में फैले कचरे के ढ़ेर व नालियों में जमा गंदगी को हटाने के लिए नगर परिषद की टीम रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों को चिन्हित कर सफाई अभियान के तौर पर काम कर रही है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या न हो। नगर परिषद आयुक्त जितेंद्र मीणा ने बताया कि कार्मिकों की टीमें रोजाना नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य कर रही हैं। स्वास्थ्य निरीक्षक विशाल चनाल के नेतृत्व में नालियों में जमा कचरा निकलवाकर जाम निकासी मार्गों को खुलवाया जा रहा है। सोमवार को नगर परिषद की टीम ने अर्चना टॉकीज रोड, फर्नीचर गली, महल दरवाजा, धमोत्तर दरवाजा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नाला-नालियों में जमा गंदगी और कचरे को हटाकर सफाई करवाई गई। उक्त जानकारी जमादार केवल सरसियां ने दी। नगर परिषद के अनुसार मानसून के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।