धौलपुर | अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के पदाधिकारियों ने आरजीएचएस योजना को तहसनहस करने के सरकार के इरादों के खिलाफ जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन कर चिकित्सा मंत्री का पुतला दहन किया। महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा की अगुवाई में मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर आरजीएचएस योजना को मूल स्वरूप में रखते हुए कर्मचारियों व पेंशनर्स को पहले की तरह सभी प्रकार की दवाइयां व जांचों की सुविधा जारी रखते हुए निर्वाध रूप से इलाज की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। महासंघ के जिला मंत्री रविंद्र सिंह त्यागी ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि राज्य के कर्मचारी आरजीएचएस के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान ग्राम कृष्ण कुमार तोमर, कौशलेंद्र वशिष्ठ, वीरेंद्र सिंह गुर्जर, विकास त्यागी, विकास शर्मा, विशंभर दयाल, मंगल सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों के चिकित्सा अधिकारों के लिए वरदान रूपी आरजीएचएस योजना पर शासन एवं सरकार द्वारा निरंतर हमले किए जा रहे हैं। कुछ भ्रष्ट निजी चिकित्सा संस्थानों के द्वारा की जा रही सरकारी धन की लूट पर अंकुश लगाने में विफल चिकित्सा विभाग कर्मचारियों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं में कटौती करने एवं इस योजना को इंश्योरेंस मोड पर देने को आमादा है। जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों के चिकित्सा संबंधी हित एवं अधिकारों की सुरक्षा के लिए राज्य व्यापी आंदोलन के क्रम में 15 मई से 25 मई तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री का प्रत्येक राजकीय दौरे के दौरान महासंघ द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 28 मई को राजधानी जयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री का घेराव कर विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर प्रदीप शर्मा, सुशील शर्मा, विष्णु गुर्जर, राकेश मीणा, कृष्ण कांत शर्मा, पिंटू सिंह, कृष्ण कांत त्यागी, हर्ष सिंघल, फिरोज खान, मनोज मीणा, हेमेंद्र तोमर, रजनीकांत शर्मा, गिरीश बंसल, कुलदीप शर्मा, कमरुद्दीन, शैलेंद्र मीणा, भगवानदास पाराशर, मोहम्मद अकरम आदि मौजूद रहे।