रींगस कस्बे में खाटूश्यामजी मोड़ स्थित रेलवे फाटक नंबर 108 पुलिया के नीचे पुलिस और परिवहन विभाग ने देर शाम विशेष अभियान चलाया। जिसमे अव्यवस्थित रूप से खड़े 55 वाहनों को जब्त कर चालान किए गए। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। यह अभियान खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के बढ़ते दबाव और मुख्य मार्ग पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण होने वाले सड़क हादसों की रोकथाम के लिए शुरू किया गया है। पुलिस ने बिना लाइसेंस और गलत तरीके से खड़े वाहनों को निशाना बनाया। अभियान के दौरान एडिशनल एसपी दीपक गर्ग, डिप्टी राजेश जांगीड़ और परिवहन विभाग के निरीक्षक राजीव जैन सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जाम की बन जाती थी स्थिति पुलिस को लंबे समय से अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात जाम की शिकायतें मिल रही थीं। इससे आमजन, स्थानीय व्यापारी और निवासी परेशान थे। कई बार एंबुलेंस और उच्च अधिकारी भी जाम में फंस चुके थे। इसके अतिरिक्त, वाहन चालक सवारियों को लेकर अक्सर झगड़ा करते थे, जिससे कानून-व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो रही थी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से कई वाहन चालकों ने अपने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, जिनमें से कुछ सफल भी रहे। हालांकि, बचे हुए वाहनों पर पुलिस ने कार्रवाई की और उन्हें क्रेन की सहायता से पुलिस थाने ले जाया गया। पुलिस ने इससे पहले 21 जून की देर शाम भी इसी तरह की कार्रवाई की थी, जिसमें 25 वाहनों को जब्त कर चालान किया गया था। स्थिति नहीं सुधरी, तो फिर की जाएगी कार्रवाई डीएसपी जांगीड़ ने बताया कि यदि वाहन चालकों द्वारा सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में भी ऐसी अचानक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले, बिना रजिस्ट्रेशन, बीमा और ओवरलोड सवारी ढोने वाले वाहनों के खिलाफ कभी भी की जा सकती है। वहीं, कुछ वाहन चालकों का कहना है कि पुलिस ने स्थानीय वाहन चालकों के खिलाफ तो दो बार कार्रवाई कर दी है, लेकिन बीकानेर स्टैंड पर दिन-रात लगने वाले अवैध वाहनों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि वहां श्रद्धालुओं का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।