उदयपुर से करीब 70 किलोमीटर दूर ऋषभदेव थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। चोर घर से 62 हजार रुपए नकद, 15 ग्राम सोने की ज्वेलरी और 100 ग्राम चांदी की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। घटना आदर्श नगर ​स्थित हाई स्कूल के पीछे की है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तृप्ति शर्मा पुत्री मोहनलाल ने आज (गुरुवार) को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि वे बुधवार को उदयपुर कलेक्ट्री में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तरफ विभिन्न मांगों को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने आई थीं। अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था प्रदर्शन समाप्त होने के बाद वे देर शाम जब घर पहुंची तो ताला टूटा हुआ मिला। कमरे में अंदर अलमारी का सामान बिखरा था। नकदी, सोना-चांदी की ज्वेलरी गायब मिली। जिसके बाद पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर का मुआयना किया। मेहनत से जुटाई कमाई ले गए चोर पीड़िता तृप्ति ने बताया कि वे अपनी मां के साथ रहती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का काम करते हुए मुश्किल से पैसे जोड़कर रखे थे। एकमात्र पूंजी के नाम पर सिर्फ ज्वेलरी थी। वे भी चोर चुरा ले गए। इधर, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगालकर चोरों की तलाश में जुट गई है। इनपुट: शुभम जैन, ऋषभदेव