कोटा शहर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। आरकेपुरम थाना पुलिस ने 129 किलो 430 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप भी जब्त कर ली है। नयागांव पुलिया के पास नाकाबंदी पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली कि बोराबास की ओर से एक बोलेरो पिकअप में संदिग्ध सामग्री भरकर कोटा लाई जा रही है। सूचना मिलते ही आरकेपुरम थाना पुलिस और बोराबास चौकी की टीम ने नयागांव पुलिया के पास नाकाबंदी की। घेराबंदी कर रुकवाई पिकअप पुलिस को देखकर चालक वाहन को तेज गति से भगाकर टैगोर नगर की ओर ले गया। पुलिस ने पीछा करते हुए निर्माणाधीन श्मशान घाट के पास वाहन को घेरकर रोक लिया। वाहन में सवार दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। डोडा-चूरा से भरे 5 कट्टे बरामद पूछताछ में आरोपियों ने वाहन में पशुओं का भूसा होना बताया, लेकिन तलाशी लेने पर भूसे के नीचे छिपाकर रखे गए पांच प्लास्टिक कट्टे बरामद हुए। जांच में कट्टों से कुल 129 किलो 430 ग्राम अफीम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ और बोलेरो पिकअप को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बोराबास निवासी शैतान गुर्जर (25) और रमेश गुर्जर (27) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस खेप के स्रोत, खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।