नगर निगम वार्ड संख्या 48 स्थित मेहंदी बाग क्षेत्र में पिछले 8 दिनों से रोड लाइट बंद होने के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के चलते लोगों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बना हुआ है तथा रात के समय आवागमन में भी कठिनाई हो रही है। क्षेत्र के पूर्व पार्षद रामेश्वर सैनी ने बताया कि लगातार स्थानीय लोगों द्वारा शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस संबंध में नगर निगम के उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक रोड लाइट चालू नहीं की गई है। रामेश्वर सैनी ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर रोड लाइट व्यवस्था को सुचारु नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों के साथ आंदोलन किया जाएगा।