भास्कर न्यूज | बाड़मेर सावन के पवित्र महीने और आगामी त्योहारी सीजन में हरिद्वार जाने वाले बाड़मेर के श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। त्योहारों पर होने वाली भारी भीड़ और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने बाड़मेर-हरिद्वार-बाडमेर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। अब यह ट्रेन 12 अतिरिक्त फेरों के साथ 27 अगस्त तक पटरी पर दौड़ेगी। रेलवे के इस फैसले से गंगा स्नान और धार्मिक यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को रिजर्वेशन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 04811/04812, बाड़मेर-हरिद्वार-बाडमेर स्पेशल के संचालन में 12-12 अतिरिक्त ट्रिप जोड़ी गई हैं। यह स्पेशल ट्रेन बाड़मेर से रवाना होकर उत्तराखंड पहुंचेगी। मार्ग में आने वाले इन सभी स्टेशनों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यात्रियों को बाड़मेर से उत्तराखंड जाने वाले रूट में बीच में आने वाले बायतू, बालोतरा, समदड़ी, दुंदाड़ा, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर, लालगढ़, लूनकरनसर, अरजनसर, रजियासर, सूरतगढ़, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, मंडी डबवाली, बठिंडा, धुरी, अंबाला कैंट और सहारनपुर स्टेशन का लाभ मिलेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन की अवधि जुलाई से अगस्त के अंत तक बढ़ा दी गई है। रेलवे ने साफ किया है कि ट्रेन के समय, रूट, स्टॉपेज और अन्य सभी परिचालन व्यवस्थाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्री पुराने समय के अनुसार ही अपनी यात्रा प्लान कर सकते हैं। नई समय-सारणी इस प्रकार है: > बाड़मेर से हरिद्वार (ट्रेन संख्या 04811): यह ट्रेन हर सोमवार और गुरुवार को बाड़मेर से रवाना होती है। पहले इसका संचालन 16 जुलाई तक ही तय था। अब इसे बढ़ाकर 20 जुलाई से 27 अगस्त तक कर दिया गया है। इस दौरान ट्रेन 12 अतिरिक्त चक्कर लगाएगी। > हरिद्वार से बाड़मेर (ट्रेन संख्या 04812): यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को हरिद्वार से चलती है। पहले यह 17 जुलाई तक चलने वाली थी। अब इसकी अवधि बढ़ाकर 21 जुलाई से 28 अगस्त कर दी गई है। इस दिशा में भी ट्रेन 12 अतिरिक्त फेरे पूरे करेगी।