पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल अंतर्गत आरपीएफ सवाई माधोपुर पोस्ट ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत गुरुवार शाम एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए ट्रेन में छूटे यात्री के बैग को सुरक्षित बरामद कर उसके असली मालिक तक पहुंचा दिया। इस बैग में करीब 51 हजार रुपए नकद सहित अन्य सामान मौजूद था। मुंबई–कोटा ट्रेन में छूट गया था बैग आरपीएफ थाना अधिकारी मानसिंह ने बताया - गाड़ी संख्या 12955 से मुंबई से कोटा की यात्रा कर रहे 22 वर्षीय यात्री श्याम चौधरी का ब्लैक रंग का पिट्ठू बैग ट्रेन में ही छूट गया था। बैग में दो मोबाइल चार्जर और करीब 51 हजार रुपए नकद राशि रखी हुई थी। घटना की जानकारी रेल मदद के माध्यम से मिलते ही आरपीएफ टीम तुरंत सक्रिय हो गई। हैंड कॉन्स्टेबल धर्म सिंह सैनी ने सवाई माधोपुर स्टेशन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ट्रेन को अटेंड किया और बैग को सुरक्षित बरामद कर आरपीएफ पोस्ट पर जमा कराया। इसके बाद यात्री को सूचना दी गई। उसके अनुरोध पर उनके पिता के मित्र इरफान अली को सवाई माधोपुर बुलाया गया। सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने पहचान पत्र, टिकट और आधार कार्ड का सत्यापन करने के बाद गवाहों की मौजूदगी में पूरा बैग मय सामान और 51 हजार रुपए की नकद राशि सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया।