उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (एमएलएसयू) ने जुलाई में होने वाली बीए और बीएससी की सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक (एग्जाम कोऑर्डिनेटर) डॉ. मुकेश कुमार बारबर ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक सीनियर टीचर (सेकंड ग्रेड) प्रतियोगी परीक्षा होगी। इसी परीक्षा के कारण यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपनी परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव करने का निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार, 13, 14, 15, 16 और 17 जुलाई को होने वाली बीए द्वितीय, चतुर्थ और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। इसके साथ ही इन तारीखों में होने वाली बीएससी द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं भी स्थगित रहेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द ही इन परीक्षाओं का नया टाइम टेबल जारी करेगा। जल्द घोषित होंगी नई तारीखें, वेबसाइट पर मिलेगा टाइम टेबल परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश कुमार बारबर ने बताया कि स्थगित किए गए इन सभी प्रश्न पत्रों की नई परीक्षा तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी। नया टाइम टेबल तैयार कर विश्वविद्यालय की आधिकारिक (ऑफिशियल) वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया जाएगा, जहां से छात्र इसे डाउनलोड कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संघटक और संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और निदेशकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्तर पर भी छात्रों को परीक्षा स्थगित होने की सूचना तुरंत दें। इस संबंध में सहायक कुलसचिव की ओर से भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही नोडल ऑफिसर को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे संबंधित कॉलेजों और छात्र-छात्राओं को ई-मेल या एसएमएस (SMS) के माध्यम से इस संबंध में सूचित करें। इस पूरी प्रक्रिया के पूरा होने के बाद परीक्षा अनुभाग को भी रिपोर्ट सौंपकर अवगत करवाना होगा। डॉ. कुंजन एडीएसडब्ल्यू बने, पाटीदार और अग्रवाल बने आर्ट्स कॉलेज के नए प्रॉक्टर वहीं, सुखाड़िया यूनिवसिर्टी के कुलपति प्रो. कैलाश डागा ने शुक्रवार को सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय (आर्ट्स कॉलेज)में नई प्रशासनिक नियुक्तियों का आदेश जारी किया है। डॉ. कुंजन आचार्य को सहायक अधिष्ठाता-छात्र कल्याण(एडीएसडब्ल्यू) और डॉ गट्टू लाल पाटीदार और डॉ सतीश चंद अग्रवाल को प्रॉक्टर पद पर नियुक्त किया है। रजिस्ट्रार डॉ बी सी गर्ग ने शुक्रवार को को यह आदेश जारी किए हैं।