राजसमंद के नाथद्वारा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर पथ संचलन का आयोजन किया गया। हायर सेकेंडरी स्कूल फौज मोहल्ले से रविवार शाम साढ़े चार बजे पथ संचलन शुरू हुआ। इसमें सभी स्वयंसेवक शामिल हुए और अनुशासित कदमताल करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। संघ के 100वें साल के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर स्वयंसेवकों में उत्साह नजर आया। पथ संचलन के दौरान शहर में कई जगहों पर लोगों ने फूल बरसा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। RSS की यूनिफॉर्म में एक लाइन में कदमताल करते स्वयंसेवकों ने अनुशासन, सामूहिकता और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया। स्वागत के दौरान शहरवासियों में भी उत्साह दिखाई दिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, नाथद्वारा नगर की ओर से आयोजित विजयादशमी उत्सव में संघ की परंपरा और शताब्दी वर्ष के महत्व को रेखांकित किया गया। पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने संगठन के प्रति समर्पण और सामूहिकता का संदेश दिया।