जयपुर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ एंड साइंसेज (RUHS) हॉस्पिटल में आज से कॉक्लियर इम्प्लांट क्लिनिक का शुभारंभ हुआ। ये प्रदेश का पहला डेडिकेटेड क्लिनिक है। ये हॉस्पिटल में हर गुरुवार को संचालित होगी। दरअसल, कॉक्लियर इम्प्लांट एक छोटा, इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल उपकरण है जो गंभीर या अत्यधिक सुनने की क्षमता (बधिरता) वाले लोगों की मदद करता है। इसमें जन्म से लेकर 10-11 साल तक के बच्चों की सर्जरी की जाती है। एक ही छत के नीचे मिलेंगे सभी सुविधाएं इस पहल का उद्देश्य कॉक्लियर इम्प्लांट से संबंधित सभी आवश्यक सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अलग-अलग डिपार्टमेंट्स के बार-बार चक्कर न लगाने पड़े और इलाज प्रक्रिया अधिक सरल, तुरंत और प्रभावी बन सके। आरयूएचएस के प्रिंसिपल डॉ. मोहनीश ग्रोवर ने बताया- इस विशेष क्लिनिक में ईएनटी, पीडियाट्रिशियन (शिशु रोग विशेषज्ञ), मनोचिकित्सक और एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टर के साथ-साथ अनुभवी ऑडियोलॉजिस्ट एक साथ उपस्थित रहेंगे। मरीज के हॉस्पिटल पहुंचने पर सभी आवश्यक विशेषज्ञ एक ही स्थान पर उसका मूल्यांकन करेंगे और आवश्यक परामर्श, जांच, ट्रीटमेंट प्लानिंग, रेफरल और आगे की कार्ययोजना तैयार करेंगे। इससे मरीजों का समय बचेगा, इलाज में अनावश्यक देरी नहीं होगी और अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर कॉ​र्डिनेशन होगा।