थोब | समीपवर्ती राउप्रावि मंडली परिसर में पिछले लंबे समय से राजस्थान ग्रामीण बैंक संचालित हो रहा है। बैंक को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए पहले भी बैंक प्रबंधन को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद स्कूल परिसर में बैंक आने वाले ग्रामीणों और महिलाओं की दिनभर आवाजाही बनी रहती है, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। छुट्टी के बाद बैंक में आने वाले कई लोग कक्षा-कक्षों के बाहर बैठ जाते हैं। इसके अलावा बैंक की ओर से कक्षा-कक्षों के समीप खुले में जनरेटर लगाया गया है। स्कूल में बच्चे दिनभर उसके आसपास खेलते रहते हैं, जिससे किसी भी समय करंट लगने या अन्य दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और निर्बाध शिक्षण व्यवस्था को देखते हुए राजस्थान ग्रामीण बैंक को शीघ्र किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।