पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता सचिन पायलट मंगलवार को सलूंबर पहुंचे। आरटीओ सर्किल पर पायलट का जेसीबी से फूल बरसाकर स्वागत किया। यहां एक निजी होटल परिसर में आयोजित जनसभा में पायलट ने लोगों को संबोधित किया। भाजपा की नीतियां गरीब के हित में नहीं-पायलट पायलट ने कहा-डबल इंजन सरकार विकास देने के बजाय सिर्फ धुआं दे रही है। भाजपा सरकार की नीतियां गरीब, आदिवासी और दलित वर्ग के हित में नहीं हैं। सरकारी संसाधनों का उपयोग निजी और अमीर लोगों के हितों के लिए किया जा रहा है। सरकार बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। पेपर लीक और भर्ती से जुड़े मामलों ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन व्यवस्था की खामियों के कारण उन्हें निराशा मिलती है। सरकार बेरोजगारी और महंगाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। जनता का ध्यान हटाने के लिए नए मुद्दे गढ़ रही है। राम मंदिर चंदे, यूसीसी के मामले में भी पायलट ने सरकार को घेरा। सचिन पायलट ने दावा किया कि आज राजस्थान में चुनाव करा दिए जाएं तो कांग्रेस पार्टी जीत दर्ज करेगी। आने वाले चुनाव में कांग्रेस एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी। भाजपा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर चुनावी राजनीति कर रही है, लेकिन जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है। नए उत्साह, नई ऊर्जा का संचार हुआ-परमानंद मेहता सलूंबर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा- सचिन पायलट के दौरे से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगा। पूर्व सांसद और उदयपुर देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने भी संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए तैयार हैं। जनसभा में पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, युवा कार्यकर्ता, जिले के विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, नगर मंडल से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।