बांसवाड़ा के रोहनवाड़ी गांव में दो बाइकों की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। आमने-सामने हुई इस भिड़ंत में पिता और उसके 3 साल का बेटा गंभीर घायल हो गया। जबकि उनके साथ बाइक पर मौजूद एक की मौत हो गई। दो सगे भाई घर से रोहनवाड़ी में रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे और सामने से आ रहे बाइक सवार गांगड़तलाई जा रहे थे और यह हादसा हुआ है। हादसा शनिवार रात 9 बजे सल्लोपाट थाना क्षेत्र के रोहनवाड़ी गांव के पास हुआ। देर रात करीब 12 बजे घायलों को बांसवाड़ा के महात्मा गांधी सरकारी हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। हादसे के बाद पांचों सड़क पर गिरे सल्लोपाट थाने के एएसआई मगनलाल ने बताया कि रोहनवाड़ी गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार पांचों लोग सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। ​हादसे में भण्डारा गांव निवासी नानू (35) पुत्र गेबा गरासिया और आमरिया पाड़ा (आनंदपुरी) निवासी रंगजी (30) पुत्र मजू की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं नानू का भाई लक्ष्मण (33) पुत्र गेबा गरासिया गंभीर घायल हो गया। उसे सल्लोपाट के हॉस्पिटल लाया गया। जहां से उसे दाहोद (गुजरात) रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी बाइक पर खरसाणा निवासी उमेश (30) पुत्र रामजी और उसका मासूम बेटा जयेश और उमेश के जीजा रंगजी थे। इस हादसे में ये दोनों गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया।