सलूम्बर जिले के बनोड़ा कस्बे में शारदीय नवरात्रि महोत्सव का समापन मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। लिमड़ी चौक और वाराई माता मंदिर में नौ दिन तक चले गरबा महोत्सव के बाद माता रानी की भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे की धुन, ढोल की थाप और मां अम्बे के जयकारों से कस्बे का माहौल भक्तिमय हो गया। महोत्सव के समापन अवसर पर त्रिवेणी धाम परिसर में हवन किया गया। इसके बाद करीब 251 लीटर दूध से खीर बनाकर प्रसाद तैयार किया गया, जिसे श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। आयोजन के दौरान मंडल की ओर से भामाशाहों का सम्मान भी किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया और माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रसिद्ध गायकों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे युवा नवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रमों में भी लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रसिद्ध गायक दुर्गेश सेवक, भूमि गोस्वामी और डॉ. पुष्पेंद्र सेवक की सुरीली आवाज ने गरबा पंडाल में समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर युवक-युवतियां देर रात तक थिरकते रहे। गरबा खेलने के लिए उमड़ी भीड़ के कारण लिमड़ी चौक और ओरा बावजी चौक में भी जगह कम पड़ने लगी। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। अंत में माता रानी की आरती की गई और प्रसाद वितरण के साथ नौ दिवसीय गरबा महोत्सव का समापन हुआ।