सलूंबर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की अध्यक्षता में हुई इस जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई। आयुष्मान आरोग्य योजना में पात्र परिवारों को जोड़ने के निर्देश बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष्मान योजनाओं, टीबी उन्मूलन अभियान, एनीमिया नियंत्रण तथा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को समयबद्ध और परिणाम आधारित कार्य करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र परिवारों को जोड़कर उन्हें कैशलेस उपचार का लाभ दिलाने को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित कर उन्हें समय पर सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। संपर्क पोर्टल पर दर्ज मामलों का निस्तारण करने के लिए कहा डॉ. सापेला ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी परिवादों का निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत निस्तारण किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को सर्वे के दौरान एनीमिया की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग करने, कम हीमोग्लोबिन वाले मरीजों को अधिकाधिक एफसीएम इंजेक्शन लगाने तथा अति जोखिम समूह की टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।