सलूंबर जिले के क्षेत्र गांव ईड़ाना मे इडाणा माताजी परिसर में मंगलवार को वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के विक्रम डांगी, अग्रणी जिला प्रबंधक प्रवीण सिंह तथा क्रिसिल फाउंडेशन के वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रतिनिधि लक्ष्मण मेघवाल मौजूद रहे। नियमित बचत की आदत विकसित करने की सलाह दी शिविर के दौरान वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रतिनिधियों ने आमजन को वित्तीय साक्षरता के महत्व, नियमित बचत की आदत विकसित करने तथा डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग लेन-देन में सतर्कता बरतने और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से बताया। शिविर में उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी (OTP), एटीएम पिन (PIN) अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। हेल्पलाइन नंबर की भी दी जानकारी इसके साथ ही साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य आमजन को वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना, सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार को बढ़ावा देना तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।