सलूंबर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में वन विभाग ने गहरे कुएं में गिरे लेपर्ड का रेस्क्यू किया। दानितालाई वन क्षेत्र के खाबड़ मार्ग स्थित कुए में ये लेपर्ड गिर गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने सबसे पहले कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को नियंत्रित किया। टीम ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए चारपाई और एक पिंजरे की मदद से लेपर्ड को सुरक्षित बाहर निकाला। बांसी नर्सरी में स्वास्थ्य जांच के लिए भेजा रेस्क्यू अभियान के दौरान लेपर्ड पूरी तरह सुरक्षित रहा। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए वन विभाग की बांसी नर्सरी भेजा गया है, जहां डॉक्टर की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वन अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में लेपर्ड पूरी तरह स्वस्थ पाया जाता है तो उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे जंगलों के आसपास स्थित खुले कुओं को सुरक्षित ढकें या उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाएं, ताकि भविष्य में वन्यजीव ऐसी दुर्घटनाओं का शिकार न हों।