सलूंबर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्याशी अब अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रचार की तैयारी में जुट गए हैं। जिले में जिला परिषद के 21 निर्वाचन क्षेत्रों के साथ सलूंबर, सेमारी, गिंगला और लसाड़िया पंचायत समितियों में चुनाव होना है। नाम वापसी के अंतिम दिन जिला परिषद से तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। वहीं, सलूंबर पंचायत समिति से एक, सेमारी से दो, गिंगला से दो और लसाड़िया से एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया। चुनाव मैदान में भाजपा, कांग्रेस, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी हैं। इनके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव चिह्न आवंटित होने के बाद अब मतदाताओं के बीच चुनाव प्रचार तेज होने की संभावना है। कमल, हाथ, हॉकी-बॉल और झाड़ू चुनाव चिह्न पर मुकाबला चुनाव में भाजपा का चुनाव चिह्न कमल का फूल, कांग्रेस का हाथ, भारत आदिवासी पार्टी का हॉकी एवं गेंद और आम आदमी पार्टी का झाड़ू है। निर्दलीय प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिह्न दिए गए हैं। इनमें हाथ ठेला, गैस चूल्हा, वाद्य यंत्र, कैंची, रेडियो, टेलीफोन, सेब, चारपाई और अलमारी जैसे चिह्न शामिल हैं।