सलूम्बर जिले की झल्लारा, जयसमंद और सराड़ा पंचायत समितियों में सदस्य पदों के चुनाव की प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी। इन पदों के लिए 14 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। वहीं, ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार दोनों चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 4 नवंबर तक जमा होंगे नामांकन पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 31 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 4 नवंबर तक सुबह 11 से दोपहर 3 बजे के बीच नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 5 नवंबर को सुबह 11 बजे से होगी। उम्मीदवार 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर सूची जारी की जाएगी। 14 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान तीनों पंचायत समितियों के लिए मतदान दल 13 नवंबर को रवाना होंगे। 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। पंचायत समिति प्रधान का चुनाव 27 नवंबर और उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर को कराया जाएगा। 16 नवंबर को गांवों में पड़ेंगे वोट ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के चुनाव के लिए भी 31 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। इसी दिन सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार दोपहर 2 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी। इसके अगले दिन 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।