सलूंबर में शुक्रवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत हाड़ारानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय और सांवरिया महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता सत्र हुए। विद्यार्थियों को मतदान का महत्व बताया गया और आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। मतदान अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी कार्यक्रम जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद, रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) जगदीश चन्द्र बामनिया और स्वीप प्रभारी रामावतार यादव के निर्देशन में हुए। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर मतदाता की भागीदारी जरूरी है। मतदान अधिकार के साथ नागरिक की जिम्मेदारी भी है।कार्यक्रम में व्याख्याता जयवीर सिंह चुंडावत,ईएलसी प्रभारी जयेश चौबीसा,सोनाली जोशी,हेमलता मेहता एवं गायत्री जोशी सहित अन्य मौजूद रहे। युवाओं को दिया लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दोनों महाविद्यालयों में आयोजित जागरूकता सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व,मतदाता अधिकारों और निष्पक्ष निर्वाचन की जानकारी दी गई।साथ ही बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की मदद करने तथा मतदान के प्रति समाज में सकारात्मक माहौल बनाने की जिम्मेदारी भी समझाई गई। स्वीप गतिविधियों के जरिए निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि युवा पीढ़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझे और मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अधिकाधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करे। निष्पक्षता और निष्ठा के साथ मतदान की अपील की हाड़ारानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ईएलसी कॉलेज के जिला नोडल प्रभारी डॉ. नरेन्द्र सिंह पंवार ने विद्यार्थियों से निष्पक्षता और निष्ठा के साथ मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता किसी दबाव, लालच या प्रभाव में आए बिना अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने विद्यार्थियों से मतदान के दिन बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने और मतदान में मदद करने को कहा। सत्र में मतदाता पहचान पत्र, मतदाताओं के अधिकार, नैतिक मतदान और सोशल मीडिया की भूमिका पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सहायक आचार्य डॉ. देवेन्द्र और डॉ. प्रशान्त मौजूद रहे। पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया के बारे में दी जानकारी सांवरिया महाविद्यालय में स्वीप प्रकोष्ठ सलूंबर की ओर से जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इन्द्र लाल पांचाल ने विद्यार्थियों को पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया और मतदान से जुड़ी जानकारी दी। महाविद्यालय के उप प्राचार्य मितेश आमेटा ने लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर बात की। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।