सलूम्बर जिले की परसाद पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। परसाद थाना और डीएसटी टीम ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रही एक सफेद क्रेटा कार का पीछा किया और उसे पकड़ा। कार की तलाशी में अंग्रेजी शराब और बीयर के कुल 64 कार्टन मिले। पुलिस ने वाहन जब्त कर डूंगरपुर निवासी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद परसाद थानाधिकारी गोपालकृष्ण परमार के नेतृत्व में थाना टीम ने थाने के सामने नाकाबंदी शुरू की। डीएसटी टीम के साथ मिलकर NH-48 पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक सफेद क्रेटा कार तेज रफ्तार से नाकाबंदी की तरफ आई। ड्राइवर ने बैरिकेड्स को टक्कर मारकर तोड़ दिया और कार लेकर भागने लगा। पुलिस जवानों ने टायर ब्रस्टर का इस्तेमाल किया, जिससे कार के आगे के टायर फट गए। इसके बावजूद चालक गाड़ी को खरबर गांव की तरफ जाने वाली कच्ची सड़क पर ले गया। पुलिस टीम ने पीछा करना जारी रखा। काफी कोशिश के बाद कच्ची सड़क पर कार को रुकवाया गया। चालक से पूछताछ करने पर वह घबरा गया और सही जवाब नहीं दे पाया। कार ड्राइवर ने अपनी पहचान अनिल पिता कैलाश मीणा के रूप में बताई। वह लाम्बा भाटड़ा, पोस्ट चुण्डावाड़ा, थाना बिछीवाड़ा, जिला डूंगरपुर का रहने वाला है। पूछताछ में ड्राइवर ने कार में अंग्रेजी शराब होने की बात कबूल की। पु पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर के पास शराब के परिवहन से संबंधित लाइसेंस एवं दस्तावेज नहीं पाए गए।