सलूंबर के बस्सी सामचोत ग्राम पंचायत में शनिवार को जनगणना 2027 के प्रथम चरण 'मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना' के लिए स्व-गणना जन जागरूकता शिविर लगा। जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में आमजन, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में दक्ष प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं, आवश्यक सावधानियों और जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया गया, जिससे उपस्थित लोगों ने प्रक्रिया को आसानी से समझा और सक्रिय सहभागिता दिखाई। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत क्षेत्र के विभागाध्यक्ष, कार्यालयाध्यक्ष, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जनगणना 2027 को सफल बनाने और स्व-गणना अभियान को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा- ये केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। सटीक और समयबद्ध जानकारी से सरकार की योजनाएं अधिक प्रभावी बनती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया और उन्हें अभियान में सक्रिय सहयोग जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। ये शिविर सुव्यवस्थित और सफल रहा।