नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में आतंक और अत्याचार का साया लगातार बढ़ रहा है। सलूम्बर में बच्चों की मौत के मामले में सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को सद्बुद्धि आए, इसके लिए वे प्रार्थना करेंगे। जूली अजमेर में नौसर माता मंदिर समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के ढाई साल पूरे हो चुके हैं और अब उसका डाउनफॉल शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि वे हाल ही में सलूम्बर गए थे, जहां 15 बच्चों की मौत हुई है। उनके दौरे के बाद सरकार के मंत्री वहां पहुंचे, लेकिन पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मुद्दा है और सरकार को तुरंत संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। मोदी-शाह पर भी साधा निशाना पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर जूली ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय है और राहुल गांधी लगातार दौरे कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी भाषणों में शब्दों का स्तर गिरा दिया है और फिर से हिंदू-मुस्लिम मुद्दे पर लौट आए हैं। सरकार के साथ ईडी तो है ही। चुनाव से पहले भय पैदा किया जा रहा है। भाजपा की इस तनाशाही को देश देख रहा है। महिला आरक्षण पर भाजपा को घेरा महिला आरक्षण के मुद्दे पर जूली ने कहा कि आरक्षण पहले से लागू है और जो प्रस्ताव गिरा है, वह केवल संशोधन का था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन का छुपा एजेंडा लागू करना चाहती थी, जो सफल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की शुरुआत कांग्रेस ने की थी, जबकि सबसे ज्यादा विरोध भाजपा ने किया था। बाद में भाजपा ने 2023 में महिला आरक्षण बिल लाकर सर्वसम्मति से पारित कराया, लेकिन तीन साल तक इसे लागू नहीं किया। अब जब चुनाव आए तो इसके संशोधन का बिल लाए। रात 11 बजे से लागू करने का नोटिफकेशन जारी किया। कुर्सी बचाने के लिए सीएम नहीं करा रहे चुनाव पंचायत चुनाव को लेकर जूली ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि चुनाव समय पर हों, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपनी कुर्सी बचाने के लिए चुनाव नहीं करा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार को हार का डर है, इसलिए रोज नए बहाने बनाकर चुनाव टाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बावजूद चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। पूरे देश में लागू करेंगे ईडब्ल्यूएस आरक्षण ईडब्ल्यूएस आरक्षण को लेकर जूली ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीब लोगों के लिए आरक्षण में सरलीकरण किया था। यदि 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो इसे पूरे देश में लागू करने का प्रयास किया जाएगा। …….. पढें ये खबर भी… अजमेर में भाजपा देहात महिला मोर्चा का प्रदर्शन:पदयात्रा निकाली, पुतला जलाया; महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर जताया आक्रोश नारी वंदन अधिनियम को संसद में पारित नहीं होने देने के विरोध में अजमेर भाजपा देहात महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोश सम्मेलन कर पद यात्रा निकाली और राहुल गांधी का पुतला जलाया। महिला कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति का अपमान, नहीं सहेगा हिन्दुस्तान जैसे नारे लगाए और कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। पूरी खबर पढें