अक्षय तृतीया और पीपल पूर्णिमा के अवसर पर संभावित बाल विवाहों की रोकथाम के लिए सलूम्बर ज़िला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। ज़िला प्रशासन और गायत्री सेवा संस्थान, उदयपुर ने मिलकर एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य बाल विवाह के विरुद्ध आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। 1100 रुपए का मिलेगा नगद पुरस्कार इस अभियान के तहत, बाल विवाह की पूर्व सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹1100 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि वे बिना किसी डर के जानकारी साझा कर सकें। पोस्टर का विमोचन किया ज़िला कलेक्टर सभागार, सलूम्बर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ज़िला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने बाल विवाह रोकथाम संबंधी पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए आमजन से बाल विवाह से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक विशनाराम बिश्नोई ने बताया कि कोई भी व्यक्ति पुलिस कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन नंबर 8003528050 या चाइल्ड हेल्पलाइन पर बाल विवाह की सूचना दे सकता है। यह सुविधा लोगों को आसानी से जानकारी देने में मदद करेगी। बैठक में जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन अलायंस और गायत्री सेवा संस्थान द्वारा संचालित “एक्सेस टू जस्टिस” कार्यक्रम की ज़िला प्रभारी पायल कनेरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर मानव तस्करी विरोधी यूनिट के अधिकारीगण, गायत्री सेवा संस्थान के प्रतिनिधि रमेश चौबीसा और नारायण लाल आहारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।