सलूंबर के हाड़ा रानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए तृतीय और पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ABVP के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट और प्रशासनिक भवन पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। 80 फीसदी स्टूडेंट्स को विभिन्न विषयों में फेल किया छात्रों का आरोप है कि हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों में करीब 80 फीसदी नियमित विद्यार्थियों को 'बैक' दे दी गई है। सबसे ज्यादा गड़बड़ी 'इंग्लिश कम्युनिकेशन' विषय के रिजल्ट में सामने आई है, जिसमें अधिकांश छात्रों को फेल किया गया है। इस परिणाम से पूरे जनजातीय क्षेत्र के छात्रों में भारी नाराजगी है। एबीवीपी के छात्र नेताओं प्रद्युम्न सिंह, गौरव भोई और निखिल भट्ट ने आरोप लगाया-यह जनजातीय क्षेत्र के गरीब और होनहार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जानबूझकर इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को फेल किया गया है, ताकि री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) के नाम पर उनसे दोबारा मोटी फीस वसूली जा सके। अगर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के कॉपियों की दोबारा निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो यह आंदोलन सड़क से लेकर यूनिवर्सिटी मुख्यालय तक पहुंचेगा। तहसीलदार ने छात्रों से बात की हंगामे की खबर मिलते ही सलूंबर तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने एडीएम (ADM) को पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार से फोन पर बात की गई और छात्रों की मांगों को उनके सामने रखा गया। इसके बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक (COE) के नाम एक ज्ञापन सौंपा। छात्रों की प्रमुख मांगें कॉलेज प्राचार्य मुकेश चौहान ने मामले पर कहा-अगर किसी एक विषय में 70 से 80 फीसदी छात्र फेल हो रहे हैं, जबकि बाकी विषयों में उनके नंबर बहुत अच्छे हैं, तो यह वाकई गंभीर मामला है। इस क्षेत्र के ज्यादातर छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं, वे बार-बार री-इवैल्यूएशन की फीस नहीं दे सकते। यूनिवर्सिटी को किसी दूसरे प्रोफेसर से कॉपियों की जांच करानी चाहिए और इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुशल शर्मा, दीक्षित सुतार, हितेश शर्मा, गजेंद्र सिंह, जया दमामी, वर्षा शर्मा, भावेश जोशी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।