सलूम्बर में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। "शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान" के तहत शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 4 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि बड़ी मात्रा में खराब और दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने तुरंत साफ-सफाई व्यवस्था सुधारनी शुरू कर दी। कोल्ड ड्रिंक और जूस के नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने चुंगी नाका स्थित महाराणा ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां से कोल्ड ड्रिंक्स (कार्बोनेटेड वाटर) और मिक्स्ड फ्रूट जूस के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान करीब 50 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। दुकान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने, पेस्ट कंट्रोल कराने और कर्मचारियों के हेल्थ सर्टिफिकेट बनवाने के निर्देश दिए गए। कुलदीप किराना स्टोर से 10 किलो दूषित मिठाइयां जब्त टीम ने बेडावल (लसाड़िया) बस स्टैंड स्थित कुलदीप किराना स्टोर पर भी छापा मारा। यहां से लगभग 10 किलोग्राम दूषित मिठाइयां जब्त की गईं। जनहित को देखते हुए इन मिठाइयों को गवाहों की मौजूदगी में नष्ट कराया गया। इस प्रतिष्ठान से नमक का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया। कैलाश जूस सेंटर से आमरस का सैंपल सलूम्बर बस स्टैंड स्थित कैलाश जूस सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। यहां से आमरस का नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया। संचालक को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। जांच रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी लिए गए नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गर्मी में अभियान रहेगा जारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित खाद्य और पेय सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस प्रदर्शित करने, खुले में खाद्य सामग्री नहीं बेचने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश पुष्करणा, निशा मीना और सहायक शूरवीर सिंह भी मौजूद रहे।