सलूम्बर जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार देर रात करीब 10 बजे तेज हवाओं, बादलों की गर्जना और बिजली के साथ मूसलाधार बारिश हुई। पिछले चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही वर्षा ने देर रात जोर पकड़ा, जिससे शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जिले में सर्वाधिक 114 मिमी वर्षा लसाड़िया में दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त, झल्लारा में 71 मिमी, सेमारी में 51 मिमी, सलूम्बर मुख्यालय पर 37.5 मिमी और सराड़ा में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। वाहन चालकों को भी बारिश में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।