सलूंबर में शनिवार देर रात दुकान का शटर बंद करते समय करंट लगने से टेलरिंग का काम करने वाले एक दुकानदार की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत आनन-फानन में दुकानदार को अचेत हालत में झल्लारा हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना झल्लारा थाना इलाके में शनिवार देर रात 10:30 बजे की है। जहां दुकानदार महेंद्र S/O चम्पालाल चौबीसा झल्लारा निवासी ने अपनी दुकान बंद करने के लिए लोहे की शटर नीचे खींची। तभी अचानक उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने झल्लारा हॉस्पिटल से शव को सलूंबर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवा दिया। हालांकि, पुलिस ने घटना के बाद दुकान की बिजली सप्लाई बंद करवा कर तार को हटवा दिया। शटर के तार को छूते ही आया करंट झल्लारा थानाधिकारी जयकिशन फुलवारिया ने बताया ​कि मृतक की झल्लारा बस स्टैंड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान है और वह टेलरिंग का काम भी करता है। रात को जब वह रोजाना की तरह फ्री होकर दुकान का शटर बंद कर रहा था। शटर नीचे खींचते ही अचानक मीटर से एक तार टूटकर शटर को छू गया। शटर में करंट आते ही दुकानदार वहीं गिर गया। आसपास लोगों ने जब उसे इस हालत में देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मृतक के शव का आज (रविवार) पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।