सलूंबर नगर में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। यह आग शनि महाराज मंदिर के पास खाकल देवजी मंदिर से शुरू हुई और तेज हवाओं के कारण सोनार माता की तलहटी और अंबा माता की पहाड़ी तक फैल गई। आग की लपटें राजकीय बालिका आवासीय स्कूल के पास वन क्षेत्र तक पहुंच गईं, जिससे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई। शाम के समय जब लोग मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद थे, तभी पहाड़ियों से धुएं का गुबार उठने लगा। देखते ही देखते आग ने रूप गणेश जी मंदिर के सामने वाली पहाड़ी और घने वन क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे शहरवासियों में भय का माहौल बन गया। क्षेत्रीय निवर्तमान पार्षद राम भरोसे पुरोहित ने फायर ब्रिगेड, वन विभाग और राजस्व विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही नगर परिषद की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। सलूंबर हल्का पटवारी हिमांशु चतुर्वेदी और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय युवाओं ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। सबसे अधिक चिंता का विषय आग का राजकीय बालिका आवासीय स्कूल के पास पहुंचना रहा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया। गनीमत रही कि राहत दल समय रहते मौके पर पहुंच गया और आग को रिहायशी बस्तियों में घुसने से रोकने के प्रयास तेज कर दिए गए।