सलूंबर के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संविधान कक्ष और डिजिटल बाल पुस्तकालय का लोकार्पण किया गया। साथ ही, डीएमएफटी मद से बनने वाले टीन शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शांता अमृतलाल मीणा, अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी मिलेगी विद्यालय परिसर में विकसित संविधान कक्ष विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी देगा। वहीं, डिजिटल बाल पुस्तकालय के माध्यम से छात्र-छात्राओं को तकनीक आधारित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी पढ़ाई अधिक रोचक और प्रभावी बन सकेगी। प्रधानाचार्य भगवान त्रिवेदी ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में लगातार नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान कक्ष विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता विकसित करेगा, जबकि डिजिटल पुस्तकालय नई शिक्षा पद्धति के अनुरूप अध्ययन का बेहतर माध्यम बनेगा। डीएमएफटी मद से स्वीकृत टीन शेड निर्माण कार्य से विद्यालय में अतिरिक्त सुविधाएं विकसित होंगी। इससे विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के दौरान बेहतर वातावरण और राहत मिल सकेगी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया।