सलूम्बर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन ने STARS (Sports Talent Advancement and Resource Support) योजना की शुरुआत की है। डीएमएफटी मद से संचालित इस योजना का शुभारंभ करावली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में किया गया। योजना का उद्घाटन अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला ने किया। उन्होंने इसे जिले के खिलाड़ियों के विकास और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल बताया। जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया- योजना के तहत जिले के चयनित स्कूलों में करीब 50 लाख रुपए की लागत से आधुनिक खेल सामग्री, खेल उपकरण, खेल पोशाक, प्रशिक्षण सुविधाएं और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। खेलों से अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने छात्रों से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। पौधारोपण और प्रदर्शन मैच का आयोजन कार्यक्रम में प्रशासक सरपंच राजू देवी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, भामाशाह और ग्रामीण मौजूद रहे। आसपास के विद्यालयों के करीब 350 से 400 छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। योजना की शुरुआत के उपलक्ष्य में 11 पौधों का पौधारोपण किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों के बीच प्रदर्शन मैच आयोजित हुआ। मैच का संचालन प्रकाश सुथार, पुष्पेंद्र सिंह, जयदीप सिंह, धर्मेन्द्र शर्मा और लक्ष्मण सालवी ने किया, जबकि मंच संचालन चंद्रवीर सिंह ने किया।