सलूंबर पुलिस ने पशु तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ट्रक से 50 पशुओं को मुक्त करवाया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत की गई है। पुलिस अधीक्षक विश्नाराम विश्नोई के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला और वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में डीएसटी टीम और सलूम्बर थाना पुलिस बुधवार देर रात गणेश घाटी क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान उन्हें जयपुर की ओर जा रहे एक ट्रक में बड़ी संख्या में भैंसों को अमानवीय तरीके से ले जाने की सूचना मिली। ट्रक में थे 50 पशु सूचना के आधार पर ट्रक को रोका और उसकी जांच की। ट्रक के अंदर लकड़ी के पट्टों और पार्टिशन का उपयोग करके दो मंजिला ढांचा बनाया गया था। इसमें कुल 33 भैंसें और 17 छोटे बछड़े, यानी 50 पशुओं को ठूंसकर भरा गया था। पशुओं को खड़े होने, बैठने या हिलने-डुलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी, जो प्रथम दृष्टया पशु क्रूरता का मामला था। पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया और इडाणा माता गौशाला भेजा, जहां उनके लिए चारा, पानी और उपचार की व्यवस्था की गई। पुलिस ने की कार्रवाई पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और उसमें सवार मुकेश, लोकेश, जीतू (सलूम्बर निवासी) तथा शोएब और जमशेद (पलवल, हरियाणा निवासी) के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।