बारां| पूर्व लोक जुम्बिश कर्मचारी, जो वर्तमान में समग्र शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं, उन्हें वेतन के लिए परेशान होना पड़ रहा है। भारतीय मजदूर संघ की अगुवाई में बुधवार को पूर्व लोक जुम्बिश कर्मचारी समग्र शिक्षा जिला बारां इकाई ने कलेक्टर के माध्यम से राज्य परियोजना निदेशक स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में संघ अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि वेतन भुगतान नियमित नहीं हो रहा है। बजट 2-3 महीने गुजरने के बाद आता है। इसी वजह से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में वेतन आहरण के दिशा-निर्देश जारी करने की मांग रखी गई। नियमित रूप से वेतन भुगतान कराने की मांग भी की गई। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष शंकरलाल सुमन, महामंत्री पंकज राठौर, पूर्व लोक जुम्बिश समग्र शिक्षा कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा, मंत्री रामचंद्र बैरवा मौजूद रहे। बारां जिले के सभी पूर्व लोक जुम्बिश कर्मचारी भी उपस्थित रहे।