बालोतरा जिले में अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत समदड़ी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से एक अवैध 12 बोर टोपीदार बंदूक जब्त की है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह मीणा और पुलिस उपाधीक्षक देरावर सिंह के पर्यवेक्षण में समदड़ी थानाधिकारी नरपतदान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसे लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। सूचना के आधार पर गांव में दबिश, आरोपी गिरफ्तार पुलिस को सूचना मिली थी कि मजल गांव में एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। इस सूचना पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव में दबिश दी और ढींढस, समदड़ी निवासी भूराराम उर्फ भरत पुत्र सोहनलाल को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 12 बोर टोपीदार अवैध बंदूक बरामद हुई। पुलिस ने जब आरोपी से हथियार के वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में भूराराम ने बताया कि उसने यह बंदूक समदड़ी निवासी महेंद्र से खरीदी थी और उसका उद्देश्य शिकार करना था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने महेंद्र को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई ने अवैध हथियारों के नेटवर्क पर एक और सख्त प्रहार किया है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक दौलाराम, कॉन्स्टेबल राजकुमार और लोकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी और फील्ड स्तर पर समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाया।