धौलपुर के सैंपऊ नगरपालिका में सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव हुए। इसमें भाजपा के पप्पू बाबा चेयरमैन चुने गए। मतदान के बाद हुई मतगणना में पप्पू बाबा को 20 में से 16 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुनेश कुमार को सिर्फ 4 वोट ही मिल पाए। इस चेयरमैन चुनाव में कांग्रेस पार्षदों की क्रॉस वोटिंग अहम रही। वार्ड पार्षदों के चुनाव में कांग्रेस ने 20 में से 7 सीटें जीती थीं। वहीं, भाजपा के 6, बसपा के 3 और 4 निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। इस हिसाब से भाजपा के पास अपने 6 पार्षद थे, लेकिन पप्पू बाबा को 16 वोट मिलने से समीकरण पूरी तरह बदल गए। मतदान के दौरान कांग्रेस के 3 पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट दिया। इसके अलावा अन्य पार्षदों के समर्थन से भी पप्पू बाबा को ज्यादा वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी मुनेश कुमार को सिर्फ 4 वोट ही मिले। चुनाव परिणाम से साफ हो गया कि वार्ड चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में पार्षदों के समर्थन ने पूरा समीकरण बदल दिया। पप्पू बाबा के चेयरमैन बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर की।