जोधपुर | त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को चामू कस्बे में मिठाई प्रतिष्ठानों और मावा निर्माण इकाई का निरीक्षण कर मिठाइयों, पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। नमूने जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला जोधपुर भेजे जाएंगे। रिपोर्ट मिलने पर यदि किसी सामग्री में गुणवत्ता मानकों की कमी मिली तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि मैसर्स नवदुर्गा मिष्ठान भंडार, महादेव मावा भंडार, श्रीकृष्णा जोधपुर मिष्ठान भंडार, आनंद मिष्ठान भंडार और सालासर स्वीट से सैंपल लिए गए। मावा निर्माण इकाई से भी सैंपल लिया गया। जांच में कलाकंद, दूध पेड़ा, जलेबी, घेवर, ब्रेड, पनीर और गुलाब जामुन के सैंपल शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थ तैयार करने की जगह, रखरखाव, साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश माली ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री सुरक्षित रखने और निर्माण स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित घोसल्या, दीनदयाल सैनी और योगेश मीणा शामिल रहे।