पाली जिले के सांडेराव के निम्बेश्वर महादेव मंदिर के निकट स्थित राज फर्नीचर हाऊस फैक्ट्री में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं हवा में कई फीट तक ऊपर उठता हुआ दूर से ही नजर आ रहा था। मौके पर फालना, सुमेरपुर सहित आस-पास से दमकलें बुलाई गई। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी सामने आई है। पाली जिले के सांडेराव- फालना रोड पर टोल नाके से पहले स्थित राज फर्नीचर हाऊस है, जहां गद्दा (मैट्रेस), सोफा सेट आदि बनाए जाते हैं। फैक्ट्री में बुधवार को अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार- फैक्ट्री करीब 8–10 महीने पहले ही शुरू हुई थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर से इसके धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही फालना से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, वहीं सांडेराव पुलिस भी तुरंत पहुंचकर हालात काबू करने में जुट गई। आग बुझाने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए हैं। आग से फैक्ट्री में रखे मैट्रेस, तकिए, बेड, सोफा सहित अन्य फर्नीचर जल गया। इस दौरान फैक्ट्री मालिक सोहनलाल भी मौजूद थे और फैक्ट्री को जलता देख उनकी आंखे नम हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इनपुट- नटवर मेवाड़ा, सांडेराव