कोटा जिले के सांगोद थाना क्षेत्र में बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो बहनें घायल हो गईं। वहीं बाइक सवार 2 युवकों को भी चोट लगी। हादसे के बाद स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सांगोद हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां एक युवती की हालात गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर किया। सांगोद-बपावर मार्ग पर तालची के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे यह घटना हुई है। सांगोद थाना ASI अब्दुल असरार ने बताया- दिल्लीपुरा गांव निवासी पायल कंवर और मुस्कान कंवर दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर सांगोद गई थी। वहां से खरीदारी कर वापस अपने गांव दिल्लीपुरा लौट रही थी। तालची के पास अचानक ने बपावर की तरफ से तेज रफ्तार बाइक सवार आया। बाइक सवार ने स्कूटी के सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार दोनों बहनें और बाइक सवार सड़क पर गिर गए। जिन्हें स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचा। हादसे में पायल कंवर (17) को गंभीर चोट लगी है। उसे कोटा रेफर किया है। परिजन पायल के साथ उसकी बहन मुस्कान (21) को इलाज के लिए कोटा ले गए। जबकि दो युवक मुकेश और रघुवीर भी चोटिल हुए हैं। उनका सांगोद हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से मामला दर्ज नहीं हुआ है। फिलहाल घायलों का मेडिकल करवाया जा रहा है।