करौली के सपोटरा में भारतीय किसान संघ की जिला बैठक में यूरिया खाद की कालाबाजारी और डीलरों की मनमानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पर्याप्त मात्रा में निर्धारित दर पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। मीणा धर्मशाला, सपोटरा में आयोजित इस बैठक में भारतीय किसान संघ जिला इकाई करौली के प्रांतीय उपाध्यक्ष गंगाराम मीणा और संभाग उपाध्यक्ष गिरिराज मीणा अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मोहर सिंह मीणा ने की। इस दौरान जिलेभर में जल्द शुरू होने वाले सदस्यता अभियान की रूपरेखा भी तैयार की गई। सभी तहसील पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रत्येक ग्राम पंचायत तक अभियान पहुंचाने तथा हर ग्राम समिति में 11 सदस्यीय टीम गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में किसानों ने सपोटरा क्षेत्र में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी और डीलरों की मनमानी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। प्रांतीय उपाध्यक्ष गंगाराम मीणा ने बताया कि इस संबंध में उप कृषि निदेशक धर्म सिंह मीणा से बातचीत की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि दो दिन के भीतर डीलरों की मनमानी पर रोक लगाई जाएगी और किसानों को आवश्यकतानुसार यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक के बाद किसान संघ के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी, सपोटरा को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि किसानों को सीमित मात्रा में यूरिया दिया जा रहा है और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जा रही है। प्रशासन ने खाद डीलरों और ग्राम सेवा सहकारी समितियों की बैठक बुलाकर समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया है। किसान संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि दो दिन में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।