सरिस्का टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट (सरिस्का) का बफर जोन का जंगल देश भर के वन्यजीव प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए हॉटस्पॉट बनने लगा है। बफर जोन के अंधेरी ट्रैक पर सोमवार शाम को सफारी करने पहुंचे देसी-विदेशी पर्यटकों को 3-3 टाइगर दिखे। बाघिन और उसके शावक अचानक टूरिस्ट के सामने आ गए। शहर के पास बफर जोन के जंगल में टाइगर का दिखना टूरिस्ट के लिए बेहद रोमांचित करने वाला रहा। एक बाघिन और दो शावक दिखे अंधेरी ट्रैक पर वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर हिमांशु शर्मा ने बताया कि उनके साथ पहली बार इस इलाके को एक्सप्लोर करने आए कई नामी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर बाघिन और शावकों का यह अद्भुत नजारा देखकर खुश हो गए। फोटोग्राफर विक्रांत सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को हुई सफारी के दौरान तीन टाइगर्स (एक बाघिन और दो शावक) की इतनी शानदार साइटिंग हुई कि सब खुश हो गए। सरिस्का का यह बफर जोन अब वन्यजीव फोटोग्राफी के लिए खास बनता जा रहा है। इन ट्रैक्स पर हो रही है साइटिंग पिछले कुछ समय से बफर क्षेत्र के बारा लिवारी और अंधेरी ट्रैक पर बाघों की हलचल काफी बढ़ गई है। यहां लगातार टाइग्रेस और शावकों की बराबर साइटिंग हो रही है। पर्यटकों की रिपोर्ट के अनुसार, बफर जोन में बाघिन (T-2302) और एसटी-19 अक्सर अपने शावकों के साथ नजर आ रही हैं।