सरवाणा क्षेत्र में देवाराम महाराज जीवित भंडारा तथा गुरु जेताराम महाराज एवं कानाराम महाराज के नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम 22 से 24 अप्रैल तक चलेगा। पुनमाराम महाराज सरवाणा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 22 अप्रैल को सुबह जल यात्रा के साथ होगी। 22 और 23 अप्रैल की रात को भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मुख्य कार्यक्रम 24 अप्रैल को प्राण प्रतिष्ठा विधि के साथ संपन्न होगा। इसके बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। इस धार्मिक आयोजन में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, भाजपा नेत्री वसुंधरा राजे और कांग्रेस नेता सचिन पायलट सहित कई राजनेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में संत-महात्मा भी उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति द्वारा तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। कार्यक्रम के महंत देवाराम महाराज ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।