शहर में शनिवार को सूरज के तीखे तेवरों ने इस सीजन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। सुबह 10 बजे से ही चुभती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर जा पहुंचा, जो अब तक का सबसे अधिक तापमान है। शुक्रवार के मुकाबले दिन के पारे में 2.4 डिग्री और रात के तापमान में 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर 3 बजे के बाद बादलों ने आसमान को घेरा जरूर, लेकिन उमस और तपिश से राहत नहीं मिल सकी। हीट डोम व नमी का असर मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा के अनुसार, मध्य भारत में बने ‘हीट डोम’ (न्यून वायुदाब क्षेत्र) ने पश्चिमी विक्षोभ की नमी को राजस्थान की ओर खींचा है। इसी वजह से लू के साथ-साथ बादल भी छाए हुए हैं। अगले 2 से 3 दिनों तक मेवाड़ और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में हल्के बादल रहने और कहीं-कहीं खंड वर्षा की संभावना है। इस दौरान पारा 40 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। काम की बात - गर्मी में इन बातों का रखें ध्यान भीषण गर्मी में शरीर का आंतरिक तापमान संतुलित रखने के लिए अपने भोजन के समय में बदलाव करें। भारी भोजन के बजाय सुबह 10 बजे से पहले और शाम को सूरज ढलने के बाद हल्का आहार लें। दिन के चरम तापमान (12 से 4 बजे) के दौरान कैफीन और अधिक चीनी वाले ड्रिंक्स से बचें, क्योंकि ये शरीर को जल्दी डिहाइड्रेट करते हैं। ठंडे पानी के बजाय मटके के पानी का उपयोग हृदय की गति और पाचन को स्थिर रखने में अधिक सहायक होता है।