शहर में करवा चौथ परंपरानुसार मनाया गया। महिलाओं ने पूरे दिन निर्जल रहकर अखंड सुहाग की कामना की। रात करीब नौ बजे चंद्रदेव के दर्शन के साथ ही पूजा-अर्चना की। सभी सुहागिन महिलाओं की ओर से नए परिधान पहनकर 16 शृंगार किए गए। शाम को घरों-मंदिरों में चौथ माता का सामूहिक पूजन किया गया। शाम करीब 6 बजे से माहेश्वरी समाज की ओर से सामूहिक उद्यापन माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में किया गया। जहां नई दुल्हनों सहित 50 से ज्यादा सुहागिनें शामिल हुईं। बख्तावरमलजी का बाग, भदवासिया, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, सरदारपुरा सहित अनेक क्षेत्रों में सामूहिक पूजन किया गया। पांचवीं रोड स्थित अग्रवाल बगेची में अग्रवाल पंचायत व भक्ति सरिता परिवार की ओर से सामूहिक करवा चौथ का पूजन और उद्यापन किया गया। शाम करीब 5 बजे से शुरू हुए समारोह में 300 से ज्यादा समाज की महिलाएं शामिल हुईं। धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और मनोरंजन के संगम के साथ खेल प्रतियोगिताएं और मिस्टर एंड मिसेज करवा चौथ रैम्प वॉक का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुकुल गुप्ता, संगीता गुप्ता और विशिष्ट अतिथि हीरालाल मोदी सहित समाजबंधु शामिल हुए।