सवाई माधोपुर में जिला परिवहन विभाग ने गुरुवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रणथंभौर सर्किल के पास संचालित ओम टोयोटा मोटर्स शोरूम को सील कर दिया। विभाग ने शोरूम में खड़ी 5 कारों को भी जब्त किया है। आरोप है कि शोरूम संचालक बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट और बेचान अधिकार पत्र के गाड़ियों की बिक्री कर रहा था, जिससे सरकार को वित्तीय नुकसान हुआ। बिना अनुमति चल रहा था शोरूम, रिकॉर्ड जब्त जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह सांखला ने बताया - परिवहन निरीक्षक हनुमान मीणा के साथ संयुक्त कार्रवाई में शोरूम को सील किया गया। जांच में सामने आया कि यहां बिना ट्रेड सर्टिफिकेट गाड़ियों की बिक्री की जा रही थी, जबकि टैक्स कोटा स्थित शोरूम के नाम पर काटा जा रहा था। अब तक 43 गाड़ियां बिना अधिकार पत्र और बिना ट्रेड टैक्स के बेचे जाने की जानकारी मिली है। विभाग ने डेमो कार सहित 5 वाहनों को जब्त कर शोरूम का पूरा रिकॉर्ड कब्जे में ले लिया है। संचालक को आगामी आदेश तक गाड़ियों की खरीद-फरोख्त बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। एक दिन पहले टाटा शोरूम पर भी गिरी थी गाज इससे पहले बुधवार को परिवहन विभाग ने करमोदा स्थित टाटा मोटर्स के शोरूम पर भी कार्रवाई की थी। विभाग ने शोरूम को सीज करने के साथ ही 21 कारों को जब्त किया था। जांच में सामने आया कि शोरूम संचालक बिना ट्रेड सर्टिफिकेट के गाड़ियों की बिक्री कर रहा था और बिना अनुमति वर्कशॉप भी संचालित कर रहा था। यहां से मार्च और अप्रैल 2026 में 8 गाड़ियां बिना वैध दस्तावेजों के बेची गईं, जबकि पिछले माह 45 गाड़ियां अन्य राज्यों में बेचे जाने का मामला भी सामने आया। बिना अनुमति सर्विस, 148 गाड़ियों का रिकॉर्ड टाटा शोरूम में बिना ट्रेड लाइसेंस के ही 148 गाड़ियों की सर्विस किए जाने का खुलासा हुआ है। विभाग ने वर्कशॉप और शोरूम दोनों को सीज कर दिया है तथा पूरा रिकॉर्ड जब्त किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, 21 कारें बिना ट्रेड टैक्स जमा कराए बिक्री के लिए खड़ी थीं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पहले भी लगा था 8 लाख का जुर्माना परिवहन विभाग ने बताया - दो माह पहले टाटा मोटर्स की बिना रजिस्ट्रेशन वाली एक गाड़ी पकड़ी गई थी, जिस पर 8 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। हालांकि, यह राशि अब तक जमा नहीं कराई गई है। कार की बिलिंग कोटा स्थित शोरूम से की गई थी, जिस पर ट्रेड निलंबन के लिए भी लिखा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना वैध दस्तावेजों के वाहन बिक्री और सर्विस करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इसी कड़ी में गुरुवार को ओम टोयोटा मोटर्स पर कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।