शिक्षा विभाग व रणथंभौर हेरिटेज सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सर्किट हाउस रोड स्थित एख मैरिज गार्डन में तृतीय जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले के सरकारी स्कूलों पढ़ने वाले कक्षा 10 व 12 बोर्ड परीक्षा 2026 में 90 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 216 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया। कलेक्टर बोले, प्रतिभा का सम्मान समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर कानाराम रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभा का सम्मान समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही ऐसे गौरवपूर्ण परिणाम संभव हो पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाडिया, जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल, हरकेश मीणा रणथंभौर हेरिटेज सोसायटी के अध्यक्ष ओम अग्रवाल, सचिव कैलाश जैन, उपाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, कोषाध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल एवं आयोजन सचिव डॉ. मनीष शर्मा सहित सोसाइटी के सभी सदस्यों ने समारोह में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा, बल्कि जिले में शैक्षिक उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 5100-5100 रूपए का चैक सौंपा कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने बताया कि रणथंभोर हेरिटेज सोसायटी द्वारा अब तक करीब 15 लाख रुपए की लगत से राजकीय विद्यालयों में वाटर कूलर, ट्री गार्ड, तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए जर्सी, शिक्षण सामग्री का वितरण इत्यादि कार्य किए गए है। कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी के सदस्य राजेंद्र चुग द्वारा इस साल बोर्ड परीक्षा में जिले में प्रथम वरीयता प्राप्त पांच विद्यार्थियों को 5,100-5,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि का चैक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।