सवाई माधोपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कुण्डेरा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने कार्रवाई की है। पुलिस ने राज्य स्तरीय ड्रग पैडलर और 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी जसराम उर्फ झब्बू मीना को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी नेहा अग्रवाल और सीओ सिटी राजेन्द्र मीना के सुपरविजन में 30 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। लंबे समय से चल रहा था फरार एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जसराम उर्फ झब्बू मीना (34) पुत्र मीयाराम निवासी उलियाना, थाना कुण्डेरा, जिला सवाई माधोपुर है। आरोपी को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में वांछित होने के कारण जिला पुलिस की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें जुटी हुई थीं। कई जिलों में वांटेड है आरोपी कुण्डेरा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को 13.34 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सवाई माधोपुर के अलावा करौली, टोंक और अन्य जिलों में दर्ज मामलों में भी वांटेड है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।